महासमुंद में उद्योगों पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, जांच में खुली श्रम कानूनों के उल्लंघन की पोल
वामा डेयरी और बिरकोनी की औद्योगिक इकाइयों में श्रम, परिवहन और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर नोटिस, एक वाहन पर ₹8,800 का जुर्माना

महासमुंद, 03 जुलाई। जिले में औद्योगिक इकाइयों में नियमों के पालन को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए संयुक्त जांच अभियान चलाया। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी के निर्देश पर गठित टीम ने तुमगांव स्थित वामा डेयरी और बिरकोनी की औद्योगिक इकाइयों का औचक निरीक्षण किया। जांच में श्रमिकों को समय पर वेतन नहीं देने, सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराने, कम वेतन भुगतान, बिना फिटनेस वाले वाहनों के संचालन सहित कई गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं।
तुमगांव स्थित वामा डेयरी में श्रमिकों को आवश्यक पीपीई किट उपलब्ध नहीं कराई जा रही थी और समय पर वेतन भुगतान भी नहीं किया जा रहा था। परिवहन विभाग की जांच में दो वाहन बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के चलते पाए गए, जिन पर ₹8,800 का समन शुल्क वसूला गया। श्रम विभाग को सूचना बोर्ड, अधिनियमों का सारांश और आवश्यक अभिलेख भी नहीं मिले, जिसके चलते प्रबंधन को नोटिस जारी किया जा रहा है।
इसके बाद जांच दल बिरकोनी स्थित शुभम ऑर्गेनिक पहुंचा, जहां वैध कारखाना लाइसेंस नहीं मिला। निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री बंद पाई गई।
जेनिथ एग्रीजोन, बिरकोनी में भी कई गंभीर कमियां सामने आईं। यहां श्रमिकों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे, पर्याप्त अग्निशमन यंत्र नहीं थे और कार्य अवधि संबंधी सूचना भी प्रदर्शित नहीं की गई थी। परिवहन विभाग ने एक वाहन का फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं मिलने तथा चार वाहनों में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) नहीं होने पर नोटिस जारी किया।
श्रम विभाग की जांच में सूचना बोर्ड नहीं होना, श्रमिकों से ओवरटाइम कराना, आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं करना तथा शासन द्वारा निर्धारित दर से कम वेतन भुगतान जैसी अनियमितताएं भी सामने आईं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी मामलों में संबंधित प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी
Live Cricket Info




