
महासमुंद। महासमुंद जिले के गुडेलाभाठा-झलप से सटे डोंगरी क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से जंगली सूअर के आतंक से किसान दहशत में हैं। रबी फसल की रखवाली के लिए खेत जा रहे किसानों को सूअर लगातार खदेड़ रहा है।
*जान बचाकर भागे किसान*
ग्रामीणों के अनुसार बुधवार को एक किसान पर सूअर ने हमला कर दिया। अपनी जान बचाने के लिए किसान को पेड़ पर चढ़ना पड़ा। इस दौरान उसके पैर में हल्की चोट आई है। पिछले सात दिनों में चार किसान सूअर से आमना-सामना होने के बाद किसी तरह भागकर जान बचाने में सफल रहे हैं।
*बड़ी घटना की आशंका*
डोंगरी के आसपास किसानों ने रबी फसल बो रखी है। फसल की रखवाली के लिए रोज खेत जाना उनकी मजबूरी है। लेकिन जंगली सूअर के हमलों से किसान अब खेतों में जाने से कतरा रहे हैं। ग्रामीणों को डर है कि वन विभाग ने समय रहते ध्यान नहीं दिया तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
*वन विभाग से कार्रवाई की मांग*
स्थानीय लोगों ने वन अमले से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सूअर को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि फसल और जनहानि की स्थिति में प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा भी दिया जाय।
Live Cricket Info




