फ्यूजन फाइनेंस कंपनी का फरार ब्रांच मैनेजर गिरफ्तार, 4.09 लाख रुपये गबन का आरोप
पुलिस ने 24 घंटे के भीतर की कार्रवाई, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल

महासमुंद/पिथौरा। फ्यूजन फाइनेंस लिमिटेड की पिथौरा शाखा में लाखों रुपये के गबन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार शाखा प्रबंधक को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर कंपनी की रिकवरी राशि का गबन करने का आरोप है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फ्यूजन फाइनेंस कंपनी के शाखा प्रबंधक रोहित पटेल ने 2 जून 2026 को ग्राहकों से वसूल की गई 4 लाख 9 हजार 500 रुपये की राशि को कैश वोल्ट में जमा करने के बजाय अपने निजी उपयोग में ले लिया था। मामले की शिकायत कंपनी के कर्मचारी आशुतोष सिंह (34 वर्ष) निवासी अर्जुनपुर, जिला रीवा (मध्यप्रदेश) ने थाना पिथौरा में दर्ज कराई थी।
शिकायत के आधार पर पिथौरा थाना में अपराध क्रमांक 142/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(4) एवं 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी का पता लगाकर पूछताछ की, जिसमें उसने गबन की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने 5 जून 2026 को आरोपी रोहित पटेल (30 वर्ष), निवासी ग्राम खरवानी छोटे, पोस्ट सालर, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।




