स्वीकृत सड़कों के निर्माण में देरी पर फूटा जनआक्रोश
कांग्रेस जिलाध्यक्ष की अगुवाई में एसडीएम कार्यालय घेराव में उमड़ा जनसैलाब

महासमुंद-बागबाहरा। क्षेत्र में स्वीकृत सड़क निर्माण कार्यों में हो रही लगातार देरी और प्रशासनिक उदासीनता के विरोध में सोमवार को कांग्रेस के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय का घेराव और प्रदर्शन किया गया। आंदोलन में बागबाहरा, कोमाखान और पिथौरा क्षेत्र से बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
सोमवार सुबह वन विभाग के रेस्ट हाउस परिसर के पास से कांग्रेस नेताओं और ग्रामीणों ने विशाल रैली एवं पदयात्रा निकाली। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों का आक्रोश इतना अधिक था कि मौके पर मौजूद प्रशासनिक अमला भी भीड़ को नियंत्रित करने में असहज नजर आया।
स्वीकृत सड़क निर्माण कार्यों को तत्काल शुरू करने की मांग
जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद के अध्यक्ष व खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में ग्रामीणों ने सरकार और संबंधित विभागों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए स्वीकृत सड़क निर्माण कार्यों को तत्काल शुरू करने की मांग की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री यादव ने बताया कि बेलर से मोहदी मार्ग, पड़कीपाली से हाड़ाबांध ब्रिज तक सड़क, अनवरपुर से सुखरीडबरी मार्ग तथा सुखरीडबरी से दावनबोड़ मार्ग सहित कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विकास कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा
कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री यादव ने कहा कि सड़क निर्माण में हो रही देरी के कारण क्षेत्र में आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य विकास कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। बरसात के मौसम में ग्रामीणों की समस्याएं और बढ़ जाती हैं। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए लंबित सड़क निर्माण कार्यों को शीघ्र शुरू करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा-यादव
जिलाध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि बागबाहरा क्षेत्र के साथ-साथ कोमाखान और पिथौरा तहसील के अंतर्गत स्वीकृत लेकिन लंबित सड़क परियोजनाओं को लेकर भी चरणबद्ध जनआंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन सड़कों को स्वीकृति मिल चुकी है, उनका निर्माण तत्काल शुरू कराया जाए, अन्यथा जनता के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
घेराव कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से ग्रामीण बागबाहरा ब्लॉक अध्यक्ष देवनाथ साहू, शहर कांग्रेस अध्यक्ष लखबीर छाबड़ा, कोमाखान ब्लॉक अध्यक्ष खेमराज सिन्हा, जनपद पंचायत अध्यक्ष केशव चंद्राकर, नगरपालिका अध्यक्ष खिलेश्वरी बघेल, भूपेंद्र ठाकुर, शाहजान पासा, राहुल कुलदीप, चंदू साहू, मुकुंद सिन्हा, हरिराम यादव, पुरुषोत्तम साहू, बलराम चंद्राकर, नीलकंठ यादव, सुरेश पटेल, बलराम ध्रुव, फूलसिंह ध्रुव, राजेश सिन्हा, छोटू बघेल, फिरोज मेमन, गणेश शर्मा, देवेश साहू, संतोष पटेल, ममता यादव, मिथुन अमीर, रमेश ठाकुर, गिरीश पटेल, अशोक अग्रवाल, खोमेश साहू, धनसाय पटेल, चोखे मोहोबिया, फोखराज यादव, जीवन नायक, सुनील व्यवहार, आशीष दीवान, दुर्गा सागर एवं केवल यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।




