शिवालिक स्टील प्लांट के मुख्य गेट पर शव रखकर प्रदर्शन
कम्पनी प्रबंधन पर परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

महासमुंद। बेलसोडा स्थित शिवालिक स्टील प्लांट के मुख्य द्वार पर मंगलवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई, जब मृतक कर्मचारी रमेश जांगड़े के परिजन और ग्रामीण उनका शव लेकर प्रदर्शन पर बैठ गए। परिजन ड्यूटी के दौरान हुई दुर्घटना और बाद में हुई मौत के लिए प्लांट प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराते हुए उचित मुआवजा एवं कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार ग्राम नांदगांव निवासी रमेश जांगड़े शिवालिक स्टील प्लांट में नियमित कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। परिजनों का आरोप है कि 22 मार्च 2026 को रात्रि ड्यूटी के दौरान कार्य करते समय उनकी आंख में गंभीर चोट लगी थी। घटना के बाद प्रबंधन द्वारा बिना परिवार को सूचना दिए उनका उपचार कराया गया। बाद में तबीयत बिगड़ने पर उन्हें रायपुर के रामकृष्ण केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 22 जून 2026 को उनकी मृत्यु हो गई।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि हादसा कार्यस्थल पर हुआ था, लेकिन प्रबंधन ने न तो घटना की विधिवत जानकारी दी और न ही अब किसी प्रकार के मुआवजे की पहल की है। इसी के विरोध में परिजन और ग्रामीण शव को प्लांट के मुख्य गेट पर रखकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा मृतक के परिवार को उचित आर्थिक सहायता एवं नौकरी देने की मांग की है।
प्रदर्शन के चलते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।




