शिक्षा का उत्सव: सोहम हॉस्पिटल और आस्था वेलफेयर संस्था ने जरूरतमंद विद्यार्थियों को बांटी शिक्षण सामग्री
श्री राम पाठशाला में हुआ प्रेरणादायी आयोजन, शिक्षा के माध्यम से उज्ज्वल भविष्य गढ़ने का दिया संदेश

महासमुंद। समाज के जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और उनका मनोबल बढ़ाने की दिशा में सोहम हॉस्पिटल महासमुंद एवं आस्था वेलफेयर संस्था ने सराहनीय पहल की। श्री राम पाठशाला में आयोजित शिक्षण सामग्री वितरण कार्यक्रम में जरूरतमंद एवं मेधावी विद्यार्थियों को स्कूल बैग, कॉपियां, वाटर बोतल, कंपास बॉक्स और पेन सहित अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया।
शिक्षा ही जीवन का सबसे बड़ा आधार
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं सोहम हॉस्पिटल की डायरेक्टर डॉ. सोमी ने कहा कि शिक्षा ही जीवन का सबसे बड़ा आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय आने, पूरी लगन से अध्ययन करने तथा किसी भी परिस्थिति में अपने सपनों को अधूरा न छोड़ने का आह्वान किया।
निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी
विशिष्ट अतिथि एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दिव्या रंगारी ने अपने संघर्ष और सफलता की कहानी साझा करते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम की अध्यक्ष मधु तिवारी ने कहा कि शिक्षा और कलम सबसे बड़ा हथियार है, जो व्यक्ति के जीवन की दिशा और दशा बदलने की क्षमता रखता है। वहीं आस्था वेलफेयर संस्था के अध्यक्ष विपिन मोहंती ने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और चुनौतियों का डटकर सामना करने का संदेश दिया।
लक्ष्मण मानिकपुरी ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही हर बच्चा अपने सपनों को साकार कर सकता है और समाज में अपनी अलग पहचान बना सकता है।
कार्यक्रम का सफल संचालन संस्था की सचिव अर्चना शर्मा एवं लक्ष्मी मानिकपुरी ने संयुक्त रूप से किया। अंत में भावना गांधी ने सभी अतिथियों, विद्यालय के प्राचार्य, लिनु चंद्राकर, विनोद रंगारी, शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यालय स्टाफ एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने शिक्षा के प्रति जागरूकता और सामाजिक सहभागिता का प्रेरणादायी संदेश दिया।
Live Cricket Info




