समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने की योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
सड़क मरम्मत से लेकर आधार कार्ड, अपार आईडी, एग्रीस्टेक, डिजिटल क्रॉप सर्वे और आवारा पशुओं की समस्या पर हुई विस्तृत समीक्षा

महासमुंद, 1 सितंबर 2026। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने मंगलवार सुबह 10 बजे आयोजित समय-सीमा की बैठक में जिले में संचालित शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों और विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने तथा जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू सहित जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ एवं जिला स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। बैठक की शुरुआत में कलेक्टर ने जिला स्तरीय अधिकारियों को उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम से जुड़कर शिक्षार्थियों को शिक्षा प्रदान करने और जिम्मेदारीपूर्वक योगदान देने के लिए ‘उल्लास शपथ’ दिलाई।
बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द होगी मरम्मत
कलेक्टर ने जिले में बारिश के कारण क्षतिग्रस्त एवं मरम्मत योग्य सड़कों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को चिन्हांकित सड़कों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवागमन की सुविधा और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सड़क मरम्मत के कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने बारिश के बाद खराब हुई सड़कों की नियमित निगरानी एवं निरीक्षण करने तथा आवश्यकता के अनुसार समय पर मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा।
30 सितंबर तक बच्चों का आधार पंजीयन पूरा करने के निर्देश
बैठक में बच्चों के आधार कार्ड पंजीयन की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन बच्चों का आधार कार्ड यानी एमबीयू अभी तक नहीं बना है, उनका चिन्हांकन कर पंजीयन की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए। उन्होंने शिक्षा विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर 30 सितंबर तक निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
स्कूल स्तर पर ऐसे बच्चों की जानकारी संकलित कर आवश्यक दस्तावेज एवं पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कराने को कहा गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने के लिए विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने के निर्देश दिए गए। सभी संकुल समन्वयकों को विद्यार्थियों की अपार आईडी बनवाना सुनिश्चित करने और विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को इसकी नियमित मॉनिटरिंग करने कहा गया।
कलेक्टर ने स्कूलों में किचन गार्डन विकसित करने और नेवता भोज का नियमित आयोजन करने के निर्देश भी दिए।
ग्रामीण रोजगार के कार्यों की भी समीक्षा
बैठक में वीबीजी-रामजी ग्रामीण रोजगार से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों में स्वीकृत कार्यों की स्थिति, कार्य प्रारंभ होने की स्थिति और लक्ष्य के अनुरूप प्रगति की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वीकृत कार्यों को समय पर प्रारंभ कर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। साथ ही ग्रामीणों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
एग्रीस्टेक पंजीयन और डिजिटल क्रॉप सर्वे पर जोर
किसानों से संबंधित एग्रीस्टेक पंजीयन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संस्थागत पंजीयन को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को किसानों से संपर्क कर आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहयोग करने कहा।
उन्होंने कहा कि पंजीयन प्रक्रिया के दौरान किसी भी संस्था या हितग्राही को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को प्रत्येक ग्राम में डिजिटल क्रॉप सर्वे की स्थिति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। जहां सर्वे का कार्य लंबित है, वहां विशेष टीम लगाकर निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने को कहा गया। सर्वे के दौरान संबंधित प्लॉट एवं आवश्यक अभिलेखों की जानकारी व्यवस्थित रूप से दर्ज करने तथा पटवारियों को सर्वे किए गए प्लॉट का अप्रूवल शीघ्र करने के निर्देश दिए गए।
आवारा पशुओं की समस्या पर सख्ती के निर्देश
बैठक में आवारा पशुओं की रोकथाम को लेकर भी कलेक्टर ने अधिकारियों को गंभीरता से कार्रवाई करने कहा। उन्होंने नगरीय निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा पशु मालिकों में जागरूकता लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि सड़कों पर आवारा पशुओं के कारण दुर्घटनाओं की स्थिति निर्मित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए नगरीय निकाय एवं पंचायत स्तर पर नियमित कार्रवाई की जाए। समझाइश के बाद भी जानबूझकर मवेशियों को खुला छोड़ने वाले पशु मालिकों पर नियमानुसार कार्रवाई एवं अर्थदंड सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी दिए निर्देश
कलेक्टर ने सभी नगरीय निकायों में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने प्रतिदिन कचरा उठाव एवं निपटान सुनिश्चित करने के साथ ही सभी सामुदायिक शौचालयों की नियमित साफ-सफाई के निर्देश दिए।
बैठक में न्यायालयीन प्रकरणों में समय पर जवाबदावा प्रस्तुत करने, सुशासन तिहार, कलेक्टर जनदर्शन, पीजी पोर्टल, लोक सेवा गारंटी अधिनियम एवं जन शिकायतों से संबंधित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समय-सीमा की बैठकों में दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन किया जाए और प्रत्येक कार्य की प्रगति की नियमित समीक्षा हो। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कार्यप्रणाली में समयबद्धता, पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों को विभागीय कार्यों के साथ जनहित से जुड़े मामलों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
Live Cricket Info




