ब्रेकिंग न्यूज़राज्य एवं शहर

बीटीआई रोड पर जगह– जगह गड्ढे, मरम्मत के लिए नपाध्यक्ष ने ईई से की चर्चा

परेशानी को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने संज्ञान लेते हुए जनहित में संवेदनशील पहल की

महासमुंद। शहर के प्रमुख मार्गों में से एक बीटीआई रोड चौड़ीकरण कार्य के कारण आमजनों को हो रही भारी परेशानी को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने संज्ञान लेते हुए जनहित में संवेदनशील पहल की है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता से चर्चा कर इस व्यस्ततम मार्ग की शीघ्र मरम्मत करने के निर्देश दिए हैं, ताकि बारिश के मौसम में भी लोगों का आवागमन बाधित न हो।
वर्तमान में बीटीआई रोड पर चौड़ीकरण का कार्य जारी है। निर्माण के लिए सड़क को उखाड़कर गिट्टी बिछाई जा चुकी है और रोलर भी चलाया जा चुका है। लेकिन यह मार्ग शहर का सबसे व्यस्त मार्ग होने के कारण यहां हर समय वाहनों का दबाव बना रहता है। इसी वजह से नई बिछी गिट्टी उखड़ गई है और जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। बरसात शुरू होने से निर्माण कार्य भी रोकना पड़ा है। नतीजा यह है कि रोजाना इसी सड़क से गुजरने वाले हजारों लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 
इस मार्ग से कलेक्ट्रेट आने वाले फरियादी, न्यायालय जाने वाले वादकारी और अधिवक्ता, सरकारी कार्यालयों में काम से आने वाले कर्मचारी, तथा आसपास के दर्जनों गांवों से पढ़ाई और उपचार के लिए महासमुंद आने वाले स्कूली बच्चे और ग्रामीण सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। दोपहिया वाहन चालक गड्ढों के कारण कई बार गिरते-गिरते बचते हैं। एम्बुलेंस और आपातकालीन वाहनों को भी समय पर निकलने में परेशानी हो रही है। बारिश में गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और बदतर हो जाती है।
दो बातों पर विशेष जोर दिया
आम नागरिकों की परेशानियों को देखते हुए अध्यक्ष श्री साहू ने संवेदनशीलता दिखाते हुए पीडब्ल्यूडी के ईई से विस्तार से चर्चा की। चर्चा में उन्होंने दो बातों पर विशेष जोर दिया। पहला, शास्त्री चौक से कलेक्टर कार्यालय तक के मार्ग पर जहां सबसे अधिक गड्ढे हैं, वहां तत्काल पैचवर्क कर मरम्मत की जाए। दूसरा, जब तक मानसून के बाद स्थायी चौड़ीकरण कार्य शुरू नहीं होता, तब तक आवागमन सुचारू रखने के लिए समय समय पर मार्ग पर निगरानी रखा जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक को इस जरूरी मार्ग पर असुविधा नहीं होनी चाहिए।
श्री साहू ने कहा कि बीटीआई रोड केवल एक सड़क नहीं है, यह आम आदमी की शासन तक पहुंच का रास्ता है। इसलिए इस मार्ग को हर हाल में आवागमन योग्य बनाए रखना विभाग की नैतिक जिम्मेदारी है। अध्यक्ष से चर्चा के बाद विभाग ने शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया है। नगर पालिका अध्यक्ष की इस पहल से सड़क मरम्मत की उम्मीद जगी है।
Was this article helpful?
YesNo

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button