ब्रेकिंग न्यूज़राज्य एवं शहर

सेवा सेतु शिविर में 27 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों की समस्याओं का हुआ समाधान, 26 योजनाओं की दी गई जानकारी

बिरकोनी में आयोजित शिविर में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, 4670 आवासों के लिए 56 करोड़ की स्वीकृति की जानकारी

महासमुंद, 01 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में संचालित सेवा सेतु अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकासखंड स्तरीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में महासमुंद विकासखंड के ग्राम बिरकोनी में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा शामिल हुए।

कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्रीमती दिशा राम स्वरूप दीवान, जनपद सदस्य श्रीमती सुधा चंद्राकर, श्रीमती विजय लक्ष्मी जांगड़े, श्री विष्णु साहू, सरपंच चंदन चंद्राकर, श्री संदीप घोष, जिला पंचायत सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण और हितग्राही उपस्थित रहे।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

विभागों ने लगाए स्टॉल, ग्रामीणों को दी योजनाओं की जानकारी

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और मिलने वाले लाभ की जानकारी दी गई। साथ ही ग्रामीणों की मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन भी प्राप्त किए गए।

विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा एवं जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने विभागवार प्राप्त आवेदनों, हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और आवेदनों के निराकरण की स्थिति की जानकारी ली। विधायक ने शिविर में पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और मांगें सुनीं तथा अधिकारियों को पात्रतानुसार प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शिविर में महासमुंद विकासखंड की 27 ग्राम पंचायतों के नागरिकों की विभिन्न मांगों एवं समस्याओं के समाधान की कार्यवाही की गई।

सेवा, सुशासन और जनकल्याण पर जोर

शिविर को संबोधित करते हुए विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक सेवा यात्रा सेवा, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प से जुड़ी रही है। इसी सेवा संकल्प को छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आगे बढ़ाते हुए शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

  समय-सीमा की बैठक लेकर कलेक्टर ने दिए आवश्यक निर्देश

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है। इससे नागरिकों की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर समझने और उनके समाधान की दिशा में कार्रवाई करने में मदद मिल रही है।

विधायक ने प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, वात्सल्य एवं महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया जारी है।

उन्होंने बताया कि महासमुंद क्षेत्र में अधिक से अधिक पात्र परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। 37 गांवों के 4670 आवासों के लिए 56 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने की जानकारी भी उन्होंने दी।

हितग्राहियों को सामग्री और दस्तावेजों का वितरण

शिविर में केंद्र एवं राज्य शासन की 26 महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं के तहत पात्रता और आवेदन की प्रक्रिया समझाई।

विभिन्न विभागों की योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को किट एवं सामग्री का वितरण भी किया गया। खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आवास की चाबी, कृषि विभाग द्वारा कृषि किट, मत्स्य विभाग द्वारा जाल एवं आइस बॉक्स तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। इसके अलावा महिलाओं एवं कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया गया।

3 अक्टूबर को पांच स्थानों पर होंगे शिविर

जिला प्रशासन के अनुसार सेवा सेतु शिविरों का आयोजन आगामी 03 अक्टूबर को जिले के विभिन्न विकासखंडों में किया जाएगा। महासमुंद विकासखंड के ग्राम कोसरंगी, बागबाहरा विकासखंड के ग्राम खुर्सीडबरी, पिथौरा विकासखंड के ग्राम सांकरा, बसना विकासखंड के ग्राम भूकेल तथा सरायपाली विकासखंड के ग्राम केंदुआ में शिविर आयोजित होंगे।

प्रशासन ने नागरिकों से निर्धारित तिथि एवं स्थल पर उपस्थित होकर सेवा सेतु अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने की अपील की है।

Was this article helpful?
YesNo

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button