महासमुंद में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई, 99 लीटर महुआ शराब और 1315 किलो लाहन जब्त
सुखापाली, खुसरूपाली, सलखण्ड, सरायपाली-सुअरमाल और बोकरामुड़ा में कार्रवाई; तीन आरोपियों पर प्रकरण दर्ज

महासमुंद, 30 सितंबर 2026। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार एवं जिला आबकारी अधिकारी रमेश कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और विक्रय के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जिला आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 99 लीटर अवैध महुआ शराब और 1,315 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया है।
आबकारी विभाग के अनुसार अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्रवाई में अवैध रूप से तैयार महुआ शराब तथा शराब बनाने में उपयोग किए जाने वाले महुआ लाहन को जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जबकि एक आरोपी फरार बताया गया है और एक प्रकरण में आरोपी अज्ञात है।
सुखापाली में चढ़ी भट्ठी से शराब बरामद
आबकारी वृत्त बसना क्षेत्र के ग्राम सुखापाली में कार्रवाई के दौरान टिके बाई रत्नाकर के कब्जे से चढ़ी भट्ठी में तैयार 7 लीटर महुआ शराब और 15 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया।
इसके बाद ग्राम खुसरूपाली, थाना बसना में मोहपाल कोसरिया के मकान की तलाशी ली गई। विभागीय टीम ने यहां प्लास्टिक डिब्बों में रखी 30 लीटर महुआ शराब और 900 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया।
सलखण्ड के जंगल में भी कार्रवाई
इसी क्रम में ग्राम सलखण्ड के जंगल में संभागीय उड़नदस्ता रायपुर संभाग द्वारा कार्रवाई की गई। यहां से 45 लीटर महुआ शराब और आठ बोरियों में रखा 400 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया।
वहीं आबकारी वृत्त बागबाहरा के अंतर्गत ग्राम सरायपाली-सुअरमाल में कमल प्रसाद टण्डन के कब्जे से 12 लीटर महुआ शराब तथा ग्राम बोकरामुड़ा, थाना बागबाहरा में दोलोराम गोड़ के कब्जे से 7 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
तीन आरोपियों पर प्रकरण, एक फरार
विभाग के अनुसार उक्त मामलों में तीन आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2), 39 एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर मदिरा एवं महुआ लाहन जब्त किया गया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
वहीं कार्रवाई के दौरान एक आरोपी फरार बताया गया है, जबकि एक प्रकरण में आरोपी अज्ञात है। दोनों मामलों में आरोपियों की तलाश एवं विवेचना जारी है।
शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर जारी
जिला आबकारी अधिकारी रमेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन, संग्रहण एवं विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आबकारी विभाग की टीम लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रही है। विशेष अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं अवैध शराब का निर्माण, बिक्री, परिवहन या संग्रहण होने की जानकारी हो तो इसकी सूचना आबकारी विभाग को दें। इसके लिए जिला नियंत्रण कक्ष का टोल फ्री नंबर 07723-299317 तथा राज्य स्तर का टोल फ्री नंबर 14405 जारी किया गया है। इसके अलावा मनपसंद एप के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
विभाग के अनुसार प्राप्त शिकायतों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
Live Cricket Info




