डीईओ से मिला प्रतिनिधि मंडल, लंबित मामलों के समाधान की मांग
शिक्षकों की समस्याओं के शीघ्र निराकरण का दिया आश्वासन

महासमुंद | छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने जिला अध्यक्ष नारायण चौधरी एवं प्रांतीय संयोजक सुधीर प्रधान के नेतृत्व में जिला शिक्षा अधिकारी बी.एल. देवांगन से सौजन्य भेंट कर शिक्षकों से जुड़े विभिन्न लंबित मामलों को प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने लंबे समय से लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए शिक्षकों में बढ़ते असंतोष से अवगत कराया।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्राथमिक प्रधान पाठक पदोन्नति, सभी संवर्गों की वरिष्ठता सूची के प्रकाशन, सेवानिवृत्ति प्रकरणों के त्वरित निराकरण, उच्च योग्यता हेतु परीक्षा अनुमति, लंबित आवेदनों की स्वीकृति तथा चिकित्सा प्रतिपूर्ति प्रकरणों के शीघ्र निपटारे जैसे मुद्दों को विस्तार से रखा। इसके साथ ही सेवा पुस्तिका एवं जीपीएफ खातों के संधारण को लेकर विकासखंड स्तर पर आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग भी की गई।
जिला शिक्षा अधिकारी बी.एल. देवांगन ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि शिक्षकों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी, ताकि लंबित मामलों का जल्द समाधान हो सके।
इस अवसर पर जिला सचिव नंदकुमार साहू, जिला कोषाध्यक्ष विजय प्रधान, ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र चौधरी, जिला मीडिया प्रभारी प्रदीप वर्मा सहित संगठन के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।




