महासमुंद के लाफिन खुर्द रेत घाट पर भारी तोड़फोड़ और आगजनी
दो पोकलेन मशीनें क्षतिग्रस्त, लाखों का नुकसान

महासमुंद। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सुखा नदी लाफिन खुर्द रेत घाट पर अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा बड़ी वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। रेत घाट संचालक की दो टाटा हिताची EX200LC चैन माउंटिंग मशीनों (पोकलेन) में तोड़फोड़ और आगजनी की गई है, जिससे करीब 56 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। पीड़ित ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 29 आदर्श नगर निवासी कुंदन साव, शासन द्वारा श्रीमती शालिनी सिंह के नाम पर आवंटित लाफिन खुर्द रेत घाट का संचालन कर रहे हैं। 12 मई की शाम करीब 6:00 बजे ब्रेकडाउन होने के कारण उन्होंने अपनी दोनों पोकलेन मशीनों को नदी के पास एक खेत में खड़ा किया था।
संचालक कुंदन साव ने बताया कि 12 मई की रात 10:00 से 12:00 बजे के बीच अज्ञात तत्वों ने खेत में खड़ी एक टाटा हिताची मशीन (सीरियल नंबर SP20-30193) को आग के हवाले कर दिया। आगजनी से यह मशीन पूरी तरह से नष्ट हो गई है, जिसकी कीमत लगभग 55 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। वहीं, पास में ही खड़ी दूसरी टाटा हिताची मशीन (सीरियल नंबर SP20-65029) के केबिन के शीशे तोड़ दिए गए, जिससे लगभग 50,000 रुपये का नुकसान हुआ है।
असामाजिक तत्व कार्य मे डाल रहे थे बाधा
पीड़ित संचालक ने आशंका जताई है कि पिछले कुछ दिनों से कुछ असामाजिक तत्व उनके रेत घाट संचालन के कार्य में लगातार बाधा डाल रहे थे। संभावना है कि उन्हीं तत्वों ने रंजिश के तहत इस बड़ी घटना को अंजाम दिया है।
प्रार्थी ने कोतवाली थाना प्रभारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
Live Cricket Info




