भोरिंग एवं पटेवा क्लस्टर की समीक्षा बैठक आयोजित
योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश

महासमुंद, 12 जून। जनपद पंचायत महासमुंद अंतर्गत भोरिंग एवं पटेवा क्लस्टर की 58 ग्राम पंचायतों के सचिवों, ग्राम रोजगार सहायकों एवं आवास मित्रों की समीक्षा बैठक गुरुवार को आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न जनकल्याणकारी एवं फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने तथा कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत महासमुंद बी.एस. मंडावी ने कलेक्टर विनय कुमार लंगेह एवं जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। प्रथम पाली में भोरिंग क्लस्टर की 28 ग्राम पंचायतों के सचिवों, आवास मित्रों एवं रोजगार सहायकों से विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे विचरण करने वाले मवेशियों को हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने, खराब हैंडपंपों की शीघ्र मरम्मत कराने तथा सार्वजनिक पेयजल स्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही जल जीवन मिशन के तहत संचालित पानी टंकियों में नियमित जल उपचार कराने पर विशेष जोर दिया गया। आगामी मानसून एवं संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए नदी किनारे बसे ग्रामों में एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की गाइडलाइन के अनुसार आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए। बैठक में शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा विकास कार्यों में तेजी लाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
जनपद सीईओ ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर उनकी प्रगति सुनिश्चित की जाए, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति मिल सके।
Live Cricket Info




