रोजगार गारंटी कार्य पूर्ण होने पर मजदूरों का सम्मान
रायतुम सरपंच ने कराया खीर-पूड़ी वितरण

महासमुंद। ग्राम पंचायत रायतुम में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत गढ़ तालाब गहरीकरण कार्य पूर्ण होने के अवसर पर एक सराहनीय पहल देखने को मिली। ग्राम पंचायत की सरपंच सोनिया ठाकुर ने कार्यस्थल पर उपस्थित मजदूरों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करते हुए उन्हें खीर एवं पूड़ी का वितरण कराया।
बताया गया कि गढ़ तालाब गहरीकरण कार्य में बड़ी संख्या में ग्रामीण मजदूरों ने श्रमदान कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्य पूर्ण होने पर आयोजित इस कार्यक्रम में मजदूरों के साथ आत्मीय संवाद भी किया गया और उनके योगदान की सराहना की गई।
सरपंच सोनिया ठाकुर ने कहा कि मनरेगा केवल रोजगार उपलब्ध कराने की योजना नहीं है, बल्कि यह ग्रामीणों की आजीविका को मजबूत करने और जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि मजदूरों के सम्मान और उत्साहवर्धन के लिए यह छोटा सा प्रयास किया गया है।
ग्रामीणों ने सरपंच की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मजदूरों के सम्मान में आयोजित ऐसे कार्यक्रमों से श्रमिकों का मनोबल बढ़ता है और विकास कार्यों में उनकी सहभागिता और अधिक मजबूत होती है।




